logo

छात्र आंदोलन : पुतला दहन को लेकर मिथिलेश ठाकुर का BJP पर हमला, बोले- पर्दे के पीछे से खेल रही भाजपा

jmmmithilesh.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची

झारखंड में करीब 26 दिनों तक चले छात्र आंदोलन और इसके बाद गिरिडीह व गढ़वा में झामुमो कार्यकर्ताओं और छात्रों के बीच हुई झड़प को लेकर पूर्व मंत्री और झामुमो नेता मिथिलेश ठाकुर ने प्रेस वार्ता कर भाजपा पर को छात्रों की आड़ में राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांग जायज थी और आंदोलन को झामुमो समेत इंडिया अलायंस के दलों का नैतिक समर्थन मिला था।

मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार ने छात्रों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं की जांच की प्रक्रिया शुरू की है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 14वीं JPSC परीक्षा समेत 11वीं से 13वीं JPSC, CDPO, फूड सेफ्टी ऑफिसर और TTPL के माध्यम से आयोजित कई परीक्षाओं को रद्द किया है। उनके मुताबिक इससे छात्रों में अपने भविष्य को लेकर उम्मीद जगी है।

कोर्ट के आदेश पर भी बोले मिथिलेश ठाकुर

JPSC और अन्य परीक्षाओं को लेकर हाईकोर्ट के आदेश पर मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि अदालत ने अंतिम फैसला नहीं दिया है, बल्कि फिलहाल स्टे दिया है। उन्होंने दावा किया कि सरकार की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने अदालत में अपना पक्ष रखा है और सरकार निर्धारित समय में अपना जवाब दाखिल करेगी।

मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि जिन अभ्यर्थियों की नियुक्ति हुई है, उन्हें अंडरटेकिंग देने का निर्देश दिया गया है। अगर जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई हो सकती है और लाभ की वसूली भी की जा सकती है।

गिरिडीह-गढ़वा की घटना पर भाजपा पर आरोप

गिरिडीह और गढ़वा में झामुमो और छात्रों के बीच हुई मारपीट पर मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि झामुमो की ओर से कार्यकर्ताओं को छात्रों के खिलाफ जाने का कोई दिशा-निर्देश नहीं दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कल की घटना भाजपा की सोची-समझी साजिश का हिस्सा थी।

उन्होंने कहा कि भाजपा के गुंडे कल सड़क पर निकले थे। मिथिलेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता बाबूलाल मरांडी, संजय सेठ और बीडी राम जैसे नेता छात्रों को उकसाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलन को राजनीतिक हथियार बनाकर भाजपा सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है। साथ ही उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं और सरकार की ओर से लिए गए फैसलों को समझें।

FIR पर बोले- कानून हाथ में लेने वालों पर होगी कार्रवाई

FIR को लेकर मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि जो लोग कानून अपने हाथ में लेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पर्दे के पीछे से भाजपा खेल खेल रही है और दावा किया कि इसके लिए करोड़ों रुपये की फंडिंग की गई है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

भाजपा ने नियोजन नीति का विरोध किया

मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि झामुमो सरकार ने युवाओं के हित में नियोजन नीति बनाई थी, लेकिन भाजपा उस नीति के खिलाफ चली गई और उसे निरस्त करवाने का काम किया। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं के अधिकार और रोजगार के सवाल पर सरकार गंभीर है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जांच में पारदर्शिता का भरोसा दिया है और अगर जांच की आंच सरकार के शीर्ष स्तर तक भी पहुंचती है तो जांच एजेंसियों के लिए रास्ता खुला रहेगा।

मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि सरकार का उद्देश्य नियुक्ति प्रक्रिया में गड़बड़ियों की तह तक जाकर युवाओं को उनका अधिकार दिलाना है। उन्होंने यह भी कहा कि JPSC और JSSC में ऐसा रिफॉर्म होगा कि परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा।
 

Tags - Jharkhand Student Protest Mithilesh Thakur JPSC JSSC